हेडरी (गड़चिरोली), 21 अगस्त 2026:
गड़चिरोली जिले के दूरस्थ और आदिवासी अंचल हेडरी स्थित लॉयड्स काली अम्मल मेमोरियल हॉस्पिटल (LKAMH) के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था का सफल प्रबंधन कर मिसाल पेश की है। अस्पताल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने एक आपातकालीन सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से महज 3 मिनट के भीतर तीन प्री-मैच्योर (समय पूर्व) नवजात शिशुओं का सुरक्षित जन्म कराया है।
32 हफ्ते की गर्भावस्था और 3 मिनट में 3 खुशियां
मांगेर गांव की 32 वर्षीय महिला मार्च 2026 से LKAMH अस्पताल में नियमित प्रसवपूर्व जांच करा रही थीं। गर्भ में तीन शिशु होने के कारण यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। 11 अगस्त को पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें भर्ती कराया गया। 21 अगस्त को रूटीन जांच में बच्चों की हृदय गति और रक्त संचार में गड़बड़ी दिखने पर डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम (Multidisciplinary Team) ने बिना देरी किए सिजेरियन का फैसला लिया।
गर्भावस्था के 32 सप्ताह और 5 दिन पर डॉक्टरों ने रात 9:25 से 9:27 बजे के बीच तीनों बच्चों को सुरक्षित दुनिया में लाया:
पहला शिशु (बालिका): वजन 1.360 किग्रा (रात 9:25 बजे)
दूसरा शिशु (बालिका): वजन 1.186 किग्रा (रात 9:26 बजे)
तीसरा शिशु (बालक): वजन 1.530 किग्रा (रात 9:27 बजे)
सघन निगरानी में मां और बच्चे
समय से पहले जन्म लेने के कारण तीनों नवजात शिशुओं को तुरंत विशेष नवजात देखभाल इकाई (NICU) में स्थानांतरित किया गया, जहां बाल रोग विशेषज्ञों की टीम उनकी देखभाल कर रही है। वर्तमान में मां और तीनों बच्चे पूरी तरह स्थिर और स्वस्थ हैं। इस जटिल ऑपरेशन को दो स्त्री रोग विशेषज्ञ, दो एनेस्थेसियोलॉजिस्ट और दो बाल रोग विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
प्रबंध निदेशक ने दी बधाई
लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री बी. प्रभाकरन ने पूरी मेडिकल टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “समय पर सही इलाज और डॉक्टरों की मुस्तैदी से चार जिंदगियां सुरक्षित हुई हैं। LKAMH अस्पताल गड़चिरोली के आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के लोगों को विश्वस्तरीय व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए हमेशा तत्पर है।”
यह सफलता यह साबित करती है कि अब गड़चिरोली जैसे दूरस्थ इलाकों में भी जटिल और गंभीर प्रसव मामलों के लिए अत्याधुनिक व विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध है।




