स्थापना दिन के उपलक्ष हेतू अहेरी में सीआरपीएफ द्वारा कला एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन.

0
1

अहेरी, 13 जून (2026):
67वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आज प्राणहिता पुलिस कॉम्प्लेक्स, अहेरी में 9वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए एक भव्य कला एवं चित्रकला प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 9वीं बटालियन के कमांडेंट श्री शम्भू कुमार रहे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच का विकास करना था।
प्रतियोगिता में क्षेत्र के बड़ी संख्या में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। नन्हे कलाकारों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “फिट इंडिया-स्वच्छ भारत”, “जल ही जीवन है”, “देश की रक्षा करते वीर जवान” और “पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बेहद आकर्षक और संदेशपरक चित्र बनाए। बच्चों की कलाकृतियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी गहरी समझ साफ नजर आई।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री शम्भू कुमार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की…कमांडेंट ने इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को 12 जून से 16 जून तक आयोजित होने वाले 67वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल ने बच्चों की रचनात्मकता, रंगों के चयन और विषय की प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विशेष पुरस्कार व प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे, जबकि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में 9वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों का विशेष योगदान रहा। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने सीआरपीएफ की इस अनूठी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।